उच्च शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के विरुद्ध बी. डी. कॉलेज शिक्षक संघ का आक्रोश
बिहार सरकार द्वारा राज्य के अंगीभूत महाविद्यालयों के प्रशासनिक स्वरूप एवं अधिग्रहण व्यवस्था में प्रस्तावित बदलाव की चर्चाओं के संदर्भ में बी. डी. कॉलेज शिक्षक संघ, पटना की आमसभा आयोजित की गई। सभा में शिक्षकों ने प्रस्तावित परिवर्तनों पर गहरी चिंता एवं आक्रोश व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि किसी भी व्यापक संरचनात्मक परिवर्तन से पूर्व विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षक संगठनों एवं सभी संबंधित पक्षों से विस्तृत विचार-विमर्श किया जाना आवश्यक है।
सभा की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. गरिमा पाठक ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में उच्च शिक्षा की स्वायत्तता, शिक्षकों के अधिकारों एवं छात्रहितों की रक्षा पर बल दिया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी प्रस्तुत किया।

शिक्षक संघ के सचिव डॉ. राहुल अमृतराज ने विषय की विस्तृत पृष्ठभूमि, प्रस्तावित परिवर्तनों के संभावित प्रभाव एवं शिक्षक समुदाय की चिंताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कोषाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने भी अपने वक्तव्य में उच्च शिक्षा व्यवस्था में संभावित बदलावों पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षक समुदाय की एकजुटता की आवश्यकता पर बल दिया।

बी. डी. कॉलेज शिक्षक संघ, पटना,की आमसभा के उपरांत शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय के यशस्वी प्राचार्य प्रोफेसर दिवाकर प्रसाद को ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया कि शिक्षक समुदाय की सर्वसम्मत भावनाओं एवं सुझावों से राज्य सरकार तथा संबंधित सक्षम प्राधिकारियों को अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे तथा उच्च शिक्षा की गरिमा, विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, शिक्षकों के वैधानिक अधिकारों एवं छात्रहितों की रक्षा हेतु एकजुट रहने का संकल्प व्यक्त किया।
