शिक्षा के माध्यम से देश के विकास में योगदान दें : सांसद कौशलेंद्र कुमार
युवा पीढ़ी देश की सबसे बड़ी शक्ति : प्रो. दिवांशु कुमार
किसान कॉलेज सोहसराय में जश्न ए आज़ादी की धूम
किसान कॉलेज, सोहसराय, नालंदा में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस आज़ादी के सुनहरे अवसर पर महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य प्रो.(डॉ )दिवांशु कुमार ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार शरीफ के सांसद कौशलेंद्र कुमार थे।

ध्वजारोहण के बाद एनसीसी कैडेटों का आकर्षक परेड हुआ। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन से संबंधित शानदार और आकर्षक प्रदर्शन एनसीसी कैडेटों ने की। इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को आपदा की स्थिति में सावधानी, तत्परता एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के प्रस्तुत विविध एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक देशभक्ति गीत, नृत्य, संगीत, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को स्वतंत्रतामय कर दिया।

आम्रपाली की टीम ने भी मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस प्रस्तुति में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता ली।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अपने हाथों से पुरस्कार एवं मेडल प्रदान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
अपने संबोधन में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सांसद कौशलेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के मूल्यों को समझने, राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने एवं शिक्षा के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।

प्राचार्य प्रो. दिवांशु कुमार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए युवा पीढ़ी को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में महाविद्यालय के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी, एनसीसी कैडेट, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
