August 13, 2026

Doosra Mat

www.doosramat.com

बी. डी. कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने ‘हर घर तिरंगा’ रैली का आयोजन किया

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 29 बिहार बटालियन एनसीसी बी. डी. कॉलेज, पटना के एनसीसी कैडेटों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया। रैली को कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दिवाकर प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एनसीसी. बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच कॉलेज परिसर से शुरू होकर जक्कनपुर, मीठापुर, यारपुर एवं खगौल रोड होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में आकर रैली समाप्त हुई। रैली में एनसीसी कैडेटों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर आम नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति एवं गौरव के साथ मनाने का अनुरोधात्मक आह्वान किया।

इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दिवाकर प्रसाद ने कहा कि “तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेटों ने रैली आयोजित कर आम नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया है।”

रैली में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में कैडेटों ने राष्ट्रभक्ति के नारों एवं तिरंगे के साथ लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करना था।

पूरा कार्यक्रम कॉलेज के एन.सी.सी. ऑफिसर लेफ्टिनेंट राहुल कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एन.सी.सी. कैडेटों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *