बी.डी. कॉलेज के सैकड़ों विद्यार्थियों को मिला वॉलंटियरशिप प्रमाण-पत्र
17 जुलाई 2026 को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में बी. डी. कॉलेज, पटना की एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई। इस पहल के अंतर्गत प्रेम यूथ फाउंडेशन ने बी.डी. कॉलेज, पटना के लगभग 600 विद्यार्थियों को वॉलंटियरशिप प्रमाण-पत्र प्रदान किए । यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दिवाकर प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दिवाकर प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवा केवल समाज सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का प्रभावी साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में प्रेम यूथ फाउंडेशन के निदेशक प्रेम कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के कार्यक्रम पदाधिकारी श्री विशाल विजय, इतिहास विभाग के डॉ. विनोद कुमार तथा डॉ. बीरेन्द्र कुमार मंडल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवा-भाव एवं समर्पण की सराहना की और भविष्य में भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए प्रेम यूथ फाउंडेशन एवं महाविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
ब्यूरो रिपोर्ट दूसरा मत
