बी. डी. कॉलेज के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर से 360 लोग हुए लाभान्वित
सेहत केंद्र एवं ‘उत्कर्ष एक पहल’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ शिविर
मेदांता व एएसजी अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श एवं सेवाएं
19 सितम्बर, 2026 को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई बी. डी. कॉलेज, पटना में सेहत केंद्र एवं सामाजिक संस्था ‘उत्कर्ष एक पहल’ के साझा प्रयास से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।

यह शिविर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद के मार्गदर्शन, सेहत केंद्र की समन्वयक डॉ. स्वर्णा कुमार के संयोजन एवं ‘उत्कर्ष एक पहल’ के सचिव अमित कुमार के सहयोग से आयोजित हुआ।
शिविर का विधिवत उद्घाटन प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद, संस्था के सचिव अमित कुमार एवं आमंत्रित चिकित्सक दल ने किया। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. दिवाकर प्रसाद ने कहा, कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ती है। महाविद्यालय प्रशासन भविष्य में भी ऐसे जन-कल्याणकारी शिविर आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वास्थ्य शिविर में शहर के नामचीन अस्पतालों के अनुभवी चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें मुख्य रूप से:- डॉ. विनोद कुमार वर्मा, मेदांता हॉस्पिटल, पटना, डॉ. शुभम ठाकुर,(दंत रोग विशेषज्ञ), डॉ. खुशबू फातिमा, वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ, डॉ. धीरेंद्र कुमार यादव, एएसजी आई हॉस्पिटल, पटना आदि शामिल थे। दिनभर चले इस शिविर में महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कई प्राथमिक व विशेषज्ञ जांच नि:शुल्क की गईं।
सामान्य स्वास्थ्य जाँच: वजन, ब्लड प्रेशर (BP), रैंडम ब्लड शुगर (RBS) तथा SpO₂ (ऑक्सीजन स्तर)। इसके अलावा हृदय स्वास्थ्य के लिए ईसीजी, आधुनिक उपकरणों से दंत परीक्षण एवं नेत्र की जांच हुई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की दिनचर्या व खान-पान के अनुसार संतुलित आहार संबंधी परामर्श दिए गए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेहत केंद्र की टीम, उत्कर्ष एक पहल की विभिन्न विभागों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर में कुल 360 विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया। और विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुफ़्त परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर सेहत केंद्र की समन्वयक डॉ. स्वर्णा कुमार एवं संस्था के सचिव अमित कुमार ने सभी आमंत्रित डॉक्टरों, महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकवृंद, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद व आभार ज्ञापित किया।
