डॉ हरिवल्लभ सिंह ‘आरसी’ आचार्य हाशमी सम्मान से हुए विभूषित
सौजन्य : इंस्टीट्यूट ऑफ एकेडमिक स्कॉलर ट्रस्ट
जमशेदपुर में प्रदान किए गए शील्ड, प्रशस्ति-पत्र
नगद राशि एवं पुस्तकें भी की गईं भेंट
सुश्री इशरत रसूल को सर सैयद अहमद खां शिखर सम्मान

देश के चर्चित साहित्यकार, शिक्षाविद्, 21 से अधिक पुस्तकों के रचयिता एवं विश्व कवि दिनकर अभिमत-संग्रह के प्रधान संपादक डॉ हरिवल्लभ सिंह ‘आरसी ‘ को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान के लिए आचार्य हाशमी अवॉर्ड प्रदान किया गया।

डॉ श्री कृष्ण सिन्हा संस्थान, बिष्टुपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान दूसरा मत के संपादक एवं इंस्टीट्यूट ऑफ एकेडमिक स्कॉलर ट्रस्ट के चेयरमैन ए आर आज़ाद के हाथों ये सम्मान उन्हें प्रदान किया गया। सम्मान स्वरूप अंगवस्त्र, शील्ड, प्रशस्ति-पत्र, नगद राशि एवं कई पुस्तकें प्रदान की गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ए आर आज़ाद ने डॉ हरिवल्लभ सिंह ‘आरसी’ के व्यक्तित्व, कृतित्व, उनकी सादगी एवं उनके समाजसेवा पर संक्षिप्त किंतु गरिमामय अंदाज़ में अपना वक्तव्य दिया।

उनकी साहित्य-साधना एवं उनकी शिक्षा के प्रति जागृत भावना को दर्शाते हुए उनके विभिन्न उल्लेखनीय कार्यों को विवेचनात्मक अंदाज़ में उपस्थित समूह के बीच पेश किया।

ग़ौरतलब है कि डॉ हरिवल्लभ सिंह ‘आरसी’ ने दो गीत संग्रह, काव्य कलश नरेंद्र मोदी, एक दृष्टिकोण संग्रह, 17 कविता संग्रह एवं कई पुस्तकों का संपादन किया है। इनके संपादन में कई महत्वपूर्ण स्मारिकाएं निकली हैं।

इस अवसर पर सुश्री इशरत रसूल को भी सम्मानित किया गया। उन्हें सर सैयद अहमद खां शिखर सम्मान से विभूषित किया गया। सुश्री इशरत रसूल जमशेदपुर से हैं। फ़िज़िक्स में पीएचडी कर रही हैं। और इसी फ़ील्ड में एक प्रोफ़ेशनल के तौर पर काम कर रही हैं।

अपनी पढ़ाई और प्रोफ़ेशनल ज़िम्मेदारियों के बीच तालमेल बिठाती हुई आगे बढ़ रही हैं। विज्ञान के प्रति अपने लगाव के साथ-साथ, समाज सेवा के लिए भी पूरी तरह समर्पित हैं। इन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान सक्रिय रूप से अपने समाज की सेवा की। और उसी सेवा-भाव के साथ सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेती रही हैं। ये कड़ी मेहनत और इंसानियत में विश्वास रखती हैं। इनकी इसी सेवा भावना को देखते हुए शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में 2024 के सर सैयद अहमद खां शिखर सम्मान से इन्हें विभूषित किया गया है।

इस आयोजन के गरिमामय अवसर पर डॉ श्री कृष्ण सिन्हा संस्थान, बिष्टुपुर, जमशेदपुर के महासचिव पवन कुमार, सचिव प्रोफेसर डॉ अंगद तिवारी, कोषाध्यक्ष डी. एन.सिंह, सचिव राजीव जी, उपप्राचार्या डॉ रंजना कुमारी, संयोजिका, डॉ बबीता तिवारी एवं अन्य शिक्षक व शिक्षकाएं उपस्थित थे।

इस आयोजन का संचालन डॉ श्याम लाल पाण्डेय ने किया। अध्यक्षता प्रोफेसर डॉ अंगद तिवारी ने की।
