बरौनी डेयरी प्रबंधन के खिलाफ केंद्रीय मंत्री की ओर से जारी शिकायती-पत्र निकला फर्जी
*केंद्रीय मंत्री ने पत्र जारी कर की संपुष्टि*
संघ ने प्राथमिकी दर्ज कराई

देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. बरौनी डेयरी के प्रबंधन के विरुद्ध में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की ओर से डेयरी विभाग, बिहार को संबोधित एक फर्जी शिकायती-पत्र जारी होने की बात संज्ञान में आई। लेकिन प्रथम दृष्टया में ही इस्तेमाल लेटर पैड फर्जी प्रतीत हुआ। इस पत्र में तरह-तरह के भ्रामक, अनर्गल एवं निराधार आरोप लगाकर प्रबंधन को बदनाम करने की कोशिश की गई है। इसके सत्यता की पुष्टि के लिए सचिव डेयरी एवं पशुपालन ,बिहार ने जानकारी प्राप्त की। जिसके नतीजे में जारी पत्र के फर्जी होने की पुष्टि हुई ।
केंद्रीय मंत्री, पंचायती राज, डेयरी एवं पशुपालन राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जारी पत्र को जाली होने की पुष्टि की। और प्राथमिकी दर्ज कराकर दोषी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने के लिए कहा। इसके बाद संघ ने प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की।

फर्जी शिकायती-पत्र में उल्लेखित बिन्दुओं को बरौनी डेयरी के प्रबंध निदेशक रविन्द्र कुमार ने सिरे से खंडन किया है। उन्होंने कहा कि संघ के सभी कार्यों एवं गतिविधियों को पूरी पारदर्शिता एवं नियमानुकूल संपादित कराने के लिए प्रबंधन दृढ़ संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व जिनका निजी हित पूरा नहीं हो रहा है वे प्रबंधन को तरह-तरह से बदनाम करने की कोशिश में लगे रहते हैं। लेकिन हम ऐसे लोगों से डर कर अपने कर्तव्यों से पीछे हटने वाले नहीं हैं। दुग्ध संघ बरौनी के सम्मानित पशुपालकों, देवतुल्य उपभोक्ताओं और सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करते हुए डेयरी के समग्र विकास के लिए हम सतत प्रयत्नशील हैं, और आगे भी रहेंगे।
