आरकेडी कॉलेज एवं यूथ ड्रीमर्स फाउंडेशन के बीच हुआ समझौता ज्ञापन
बीते दिन 11 सितंबर, 2026 को आरकेडी कॉलेज एवं यूथ ड्रीमर्स फाउंडेशन के बीच कौशल विकास और करियर उन्मुख प्रशिक्षण को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) हुआ। रामकृष्ण द्वारिका महाविद्यालय में विद्यार्थियों को बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं व्यावसायिक अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो.(डॉ.) सीता सिन्हा ने महत्वपूर्ण पहल की। महाविद्यालय एवं यूथ ड्रीमर्स फाउंडेशन के बीच विद्यार्थियों के कौशल विकास और करियर उन्मुख प्रशिक्षण को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) संपन्न हुआ। यह पहल महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के माध्यम से की गई।समझौता ज्ञापन पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सीता सिन्हा तथा यूथ डीमर्स फाउंडेशन की ओर से बिहार स्टेट हेड श्री कृष्णा सिंह ने हस्ताक्षर किए।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सीता सिन्हा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए उनके अंदर संचार क्षमता, डिजिटल दक्षता, व्यावसायिक कौशल एवं व्यवहारिक समझ विकसित करना भी आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से यह समझौता विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस साझेदारी के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर रेडीनेस, डिजिटल एवं प्रोफेशनल स्किल, मेंटरिंग, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री एक्सपोजर, लाइव प्रोजेक्ट तथा प्लेसमेंट संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की योजना है। इससे विद्यार्थियों को अपने विषयगत ज्ञान को व्यावहारिक क्षेत्र से जोड़ने और रोजगार की दुनिया को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।इस अवसर पर प्लेसमेंट सेल की कोऑर्डिनेटर डॉ. सरिता कुमारी, को-कोऑर्डिनेटर डॉ. निधि सिन्हा, नोडल ऑफिसर प्रो. (डॉ.) शैलजा सिन्हा एवं आई.क्यू.ए.सी कोऑर्डिनेटर डॉ. अमर कुमार की उपस्थिति थीं।
महाविद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि यह समझौता विद्यार्थियों को शिक्षा से कौशल और कौशल से रोजगार की ओर आगे बढ़ाने में एक प्रभावी सेतु का काम करेगा।
